छठ व दीपावली पर बिहार के लिए चलेंगी 200 स्पेशल बसें

  • Nov 02, 2026
Khabar East:200-special-buses-will-run-to-Bihar-for-Chhath-and-Diwali
पटना,02 नवंबरः

दीपावली और छठ पूजा के दौरान दूसरे राज्यों से बिहार आने और बिहार से बाहर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष त्योहारी बस सेवा की शुरुआत की है। इसके तहत एक नवंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है। निगम की ओर से बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए करीब 200 विशेष बसों का परिचालन किया जाएगा। ये बसें पांच से 20 नवंबर तक निर्धारित मार्गों पर चलेंगी। इसकी जानकारी परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने दी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए निगम ने एसी सीटर, एसी स्लीपर, नॉन एसी सीटर, स्लीपर और सेमी स्लीपर बसों की व्यवस्था की है। यात्री घर बैठे निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर जाकर अपनी सुविधानुसार टिकट बुक कर सकते हैं। निगम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है।

 दिल्ली रूट पर यात्रियों के लिए अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया निर्धारित किया गया है। पटना से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1182 रुपये, नॉन एसी स्लीपर का 1483 रुपये, एसी सीटर का 1318 रुपये और एसी स्लीपर का किराया 1935 रुपये रखा गया है।

  वहीं, उत्तर प्रदेश के पटना-गाजियाबाद रूट पर नॉन एसी सीटर का किराया 1120 रुपये और एसी स्लीपर का 1854 रुपये निर्धारित किया गया है। निगम के आंकड़ों के अनुसार एसी स्लीपर बसों में यात्रियों को सबसे ज्यादा छूट मिल रही है। सुपौल से दिल्ली का वास्तविक एसी स्लीपर किराया 3030 रुपये है, जिस पर 1000 रुपये की छूट दी जा रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: