पुटीमारी इलाके में तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल बरगद के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल है। घायल चालक को कूचबिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार तड़के दो बजे के करीब कार तेज गति से बारोबिशा की ओर जा रही थी। पुटीमारी इलाके में अचानक चालक का नियंत्रण कार से हट गया और सीधे बरगद के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर तीन टुकड़ों में बंट गई।
कार में सवार तीन युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज़ आवाज़ सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही शामुकतला रोड चौकी की पुलिस ओसी संजीव मोदक के नेतृत्व में मौके पर पहुंची।खून से लथपथ युवकों को अलीपुरद्वार जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। चालक की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद कूचबिहार रेफर किया गया।
तीनों मृतक अलीपुरद्वार और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि चालक नशे की हालत में था या वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी। शामुकतला रोड चौकी के ओसी संजीव मोदक ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।