सड़क हादसों को रोकने और यातायात निययों का सख्ती से पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर अभियान चलाया। अभियान के दौरान महज तीन घंटों में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 227 वाहन चालकों को पुलिस ने पकड़ा। पकड़े गए लोगों पर पुलिस ने चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने चालानी कार्रवाई के दौरान 91 हजार 400 रुपए का जुर्मान भी वाहन चालकों से वसूला। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब के नशे में गाड़ी चला रहे तीन लोगों के वाहन भी जब्त कर लिए। पुलिस की कार्रवाई के मद्देनजर शहर के ज्यादातर चौक चौराहों पर वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। बिना हेलमेट और ट्रिपल राइड गाड़ी चलाने वाले ज्यादातर भागते नजर आए। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान 30 मई की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चलाया गया। अभियान जिले के सभी थाना, चौकी क्षेत्रों और यातायात शाखा के माध्यम से एक साथ संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोककर जांच की। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहनों की भी जांच हुई।
इन नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
0 ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों पर हुआ एक्शन
0 बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा
0 सीट बेल्ट नहीं लगाने वालों को पकड़ा गया
0 गाड़ी के दस्तावेज नहीं रखने वालों को पकड़ा गया
0 गलत दिशा में वाहन चलाने पर हुई कार्रवाई
0 शराब पीकर वाहन चलाने वालों की गाड़ी हुई जब्त