पीडीएस चावल की कालाबाजारी, छापेमारी में 132 बोरी चावल जब्त

  • Sep 18, 2026
Khabar East:Black-marketing-of-PDS-rice-132-sacks-of-rice-seized-in-raid
दुर्ग भिलाई,18 सितंबरः

गरीबों के राशन यानी पीडीएस चावल की कालाबाजारी के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर विभाग की टीम ने अलग अलग इलाकों में दबिश देकर 132 बोरी चावल जब्त किया है। दुर्ग जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाले चावल की अवैध खरीदी-बिक्री और भंडारण की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान राजीव नगर स्थित एक ठिकाने से 60 कट्टा चावल बरामद किया गया। इसके अलावा त्रिवेदी किराना स्टोर के गोदाम की जांच में 72 कट्टा चावल मिला। राजीव नगर और त्रिवेदी किराना स्टोर के गोदाम से बरामद चावल की मात्रा कुल 132 बोरी यानी करीब 36 क्विंटल चावल है। वहीं रामनगर में कार्रवाई के दौरान सरकारी चावल से लदा ऑटो लेकर चालक मौके से फरार हो गया। अब पुलिस और खाद्य विभाग ऑटो नंबर के आधार पर उसकी तलाश में जुटे हैं। फिलहाल खाद्य विभाग ने जब्त चावल को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि बरामद चावल पीडीएस का है या नहीं। इसके लिए चावल के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं।

  अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट और दस्तावेजों की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि बरामद चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली का है या नहीं। अगर जांच में पीडीएस चावल की कालाबाजारी की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग ने साफ कर दिया है कि सरकारी राशन की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ जांच आगे भी जारी रहेगी। अब नजर लैब रिपोर्ट और फरार ऑटो चालक की तलाश पर है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: