पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर इलाके में एक घर पर छापेमारी की। इस तलाशी अभियान के दौरान वहां से लगभग 100 कच्चे बम बरामद हुए। यह घर रफीकुल इस्लाम नाम के व्यक्ति का है। जानकारी के अनुसार रफीकुल इस्लाम कथित तौर पर सत्ताधारी दल टीएमसी का कार्यकर्ता है। पुलिस को इस बारे में गुप्त और पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं और एक बड़ी साजिश की जांच की जरूरत बताते हुए यह मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दिया है। फिलहाल एनआईए ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद चुनाव आयोग ने पुलिस प्रशासन को बेहद सख्त निर्देश दिए हैं। आयोग ने पुलिस को आदेश दिया है कि वे पूरे राज्य में अवैध रूप से बम बनाने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू करें और उन्हें तुरंत गिरफ्तार करें। चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बम बनाने या विस्फोटक मिलने से जुड़े हर मामले की जांच अब नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के हाथों में होगी।
बता दें कि बंगाल में पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल को संपन्न हुआ था, जिसमें 93.19 प्रतिशत की रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई। अब दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है, जिसमें भांगर क्षेत्र भी शामिल है। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।