पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए चुनाव आयोग ने दो लाख से ज्यादा केंद्रीय बलों की राज्य में तैनाती की है। हालांकि इसके बावजूद असामाजिक तत्व बाज नहीं आ रहे हैं। रविवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले की भाटपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का एक जवान घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव है और भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ता आमने-सामने हैं। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना रविवार रात हुई। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब एक दिन बाद ही बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान होना है। घायल जवान की पहचान योगेश शर्मा के रूप में हुई है, जो भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह की सुरक्षा में तैनात थे। पवन सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के बेटे हैं। पुलिस ने बताया कि योगेश शर्मा के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।चुनाव आयोग ने घटना की रिपोर्ट मांगी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर पार्टी के झंडे और बैनर लगाने के दौरान कथित तौर पर हमला किए जाने के बाद जगद्दल इलाके में तनाव फैल गया। कई टीएमसी नेता शिकायत दर्ज कराने स्थानीय थाने पहुंचे। इसके तुरंत बाद दोनों पक्षों के समर्थक वहां जमा हो गए, जिससे कहासुनी हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। थाने के बाहर पथराव की भी खबर है, हालांकि बाद में स्थिति पर काबू पा लिया गया।