पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार प्रसार जोरों से चल रहा है। रविवार को भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की रैली थी। उनकी रैली स्थल से मुश्किल से ही करीब 100 मीटर दूर पर बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की सभा हो रही थी। ऐसे में टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में टकराव के हालात बन गए। बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने उनकी रैली में बाधा पैदा करने के लिए ही पास में रैली आयोजित की है और इसके अलावा लाउडस्पीकर भी उनके मंच की ओर कर दिए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने उनके भाषण में बाधा डालने के लिए जोर से अपने लाउडस्पीकर बजा दिए। इसके बाद उन्होंने झल्लाकर अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और वहां मौजूद लोगों से माफी मांगकर चली गईं। सीएम के जाने के बाद टीएमसी कार्यकर्ता अधिकारी की रैली की तरफ चल पड़े और विरोध करने लगे। टीएमसी और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। हालांकि वहां तैनात पुलिस ने लोगों को तितर-बितर कर दिया। उस समय तक शुभेंदु अधिकारी जनसभा में नहीं पहुंचे थे। बाद में उन्होंने कहा कि बंगाल में गुंडा राज चल रहा है जिसको मुंहतोड़ जवाब देना है।