श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 के अवसर पर रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित महात्मा गांधी मार्ग पर शुक्रवार को झांकी तथा शनिवार को भजन संध्या-सह-दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश और परिचालन को प्रतिबंधित किया है। झांकी के दौरान रतन पीपी, उल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी कटिंग, काली मंदिर चौक, सर्जना चौक, सदर अस्पताल गेट, मिशन चौक, प्लाजा चौक, सेंटेविटा अस्पताल कटिंग और फिरायालाल चौक समेत विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। शुक्रवार और शनिवार को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा शहर में भारी वाहनों के लिए लागू सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था पूर्ववत रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के दौरान यातायात की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी वाहनों का रूट डायवर्ट या कुछ समय के लिए परिचालन रोका जा सकता है।