फंड की कमी के चलते कांग्रेस उम्मीदवार ने लौटाया टिकट

  • May 04, 2024
Khabar East:Denied-party-funding-Congress-Puri-Lok-Sabha-candidate-Sucharita-Mohanty-returns-ticket
पुरी,04 मईः

ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से कांग्रेस कैंडिडेट सुचरिता मोहंती ने अपना टिकट वापस कर दिया है। उन्होंने फंड की कमी का हवाला देते हुए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुचरिता ने कहा कि पार्टी ने मुझे फंड देने से इनकार कर दिया। मैंने चुनाव लड़ने के लिए पब्लिक फंडिंग की मदद ली लेकिन मैं आर्थिक रूप से संघर्ष करती रही। विधानसभा क्षेत्रों में कमजोर उम्मीदवारों को टिकट दिया गया। सत्ताधारी दल पैसे के पहाड़ पर बैठे हैं। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए मुश्किल था। हर जगह धन का प्रदर्शन हो रहा है। मैं ऐसी प्रतिस्पर्धा नहीं करना चाहती हूं। मैं जन केंद्रित प्रचार करना चाहती थी। धन की कमी के कारण यह नहीं हो सका। इसके लिए कांग्रेस भी जिम्मेदार नहीं है। खर्चों पर कई तरह के प्रतिबंध हैं। मुझे लोगों के बीच अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही थी।

 उन्होंने केसी वेणुगोपाल को लिखे पत्र में कहा कि मैं प्रोफेशनल जर्नलिस्ट थी। दस साल पहले चुनावी राजनीति में आई थी। मैंने पुरी से अपने अभियान में सब कुछ झोंक दिया था। लोगों से डोनेशन के लिए कैंपेन भी चलाया लेकिन कोई खास कामयाबी नहीं मिली। मैंने खर्च को कम से कम करने का प्रयास किया था। मैं अपने दम पर धन नहीं जुटा सकी। पार्टी का भी दरवाजा खटखटाया। यह साफ है कि धन की कमी हमें पुरी में विजयी अभियान से रोक रही है। बगैर पार्टी फंडिंग के पुरी में अभियान चलाना संभव नहीं होगा। इसलिए मैं अपना टिकट वापस कर रही हूं। बता दें कि पुरी लोकसभा सीट भाजपा के टिकट पर संबित पात्रा जबकि बीजू जनता दल से अरूप पटनायक चुनावी मैदान में हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: