ओडिशा से राज्यसभा की चार सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आज (गुरुवार) अंतिम दिन है। ओडिशा से पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करने की पुष्टि की है। इनमें भारतीय जनता पार्टी के मनमोहन सामल और सुजीत कुमार, बीजू जनता दल के संतृप्त मिश्र और दत्तेश्वर होता तथा स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में दिलीप राय शामिल हैं।
भाजपा के दो सीटें जीतने की संभावना जताई जा रही है, जबकि बीजद के एक सीट हासिल करने की उम्मीद है। चौथी सीट पर कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। इस सीट पर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा की संभावित तीसरी सीट को रोकने के लिए डॉ. दत्तेश्वर होता को साझा उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया है।
गौरतलब है कि 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के बावजूद अब तक किसी ने भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मार्च तय की गई है। मतदान 16 मार्च को होगा और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।