राज्यसभा के लिए आज नामांकन भर रहे हैं पांचों उम्मीदवार

  • Mar 05, 2026
Khabar East:Five-candidates-are-filing-their-nominations-for-Rajya-Sabha-today
कोलकाता,05 मार्चः

राज्यसभा चुनाव के लिए आज पश्चिम बंगाल से नामांकन भरा जाएगा। गुरुवार को विधानसभा में दोनों पार्टियों के उम्मीदवार अपना-अपना नामांकन भर रहे हैं। पिछले सप्ताह ही तृणमूल ने अपने 4 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी थी जिसमें बाबुल सुप्रीयो, कोयल मल्लिक, राजीव कुमार और मेनका गुरुस्वामी का नाम शामिल था। वही भाजपा ने पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की एक सीट के लिए राहुल सिन्हा को मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि राज्यसभा में पश्चिम बंगाल की 5 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। विधानसभा में वर्तमान विधायकों की संख्या के आधार पर तृणमूल कांग्रेस को 4 और भाजपा को 1 सीट मिली है। बताया जाता है पांचों उम्मीदवार आज ही राज्यसभा का पर्चा भरने वाले हैं और अभी तक मतदान की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। तृणमूल के उम्मीदवार विधानसभा में पहुंच चुके हैं और नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा को राज्यसभा में भेजने की तैयारी की गयी है। पिछले कई सालों से राज्य की राजनीति में राहुल सिन्हा सक्रिय रहे हैं। बुधवार को उनके बारे में बात करते हुए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा था कि राहुल सिन्हा बचपन से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं। पार्टी ने उन्हें इस बार राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। दूसरा उम्मीदवार बनाने के लिए सोच-विचार करने की समयसीमा भी खत्म हो चुकी है। उस सीट के लिए दूसरे किसी को उम्मीदवार नहीं बनाया जा रहा है।

 बता दें, आज नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कल यानी शुक्रवार (6 मार्च) को स्क्रुटनी होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 9 मार्च 2026 है। पिछली बार (साल 2021) में भाजपा ने शमीक भट्टाचार्य और नगेंद्रनाथ राय उर्फ अनंत महाराज को राज्यसभा में भेजा था। हालांकि नगेंद्रनाथ राय के बयानों की वजह से पार्टी कई बार विवादों में फंसी है। इस वजह से इस बार पार्टी ने अपने पुराने नेता राहुल सिन्हा पर ही भरोसा जताया है। हालांकि इससे पहले भाजपा ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों में राहुल सिन्हा को कई बार उम्मीदवार तो बनाया था लेकिन वह कभी चुनाव जीत नहीं सकें।

 राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने पर राहुल सिन्हा ने कहा कि बतौर उम्मीदवार मेरा नाम घोषित करना सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर मुझे स्वीकार किया जाना ही नहीं है बल्कि यह प्रत्येक निष्ठावान कार्यकर्ता की मेहनत को भी स्वीकार करना है। काम करने पर सम्मान मिलता है, यह उसी का उदाहरण है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: