जिले के चौपारण थाना अंतर्गत हथिया बाबा मोड़ के निकट दनुआ घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। पूरा परिवार अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहा था, इसी दौरान घटना घटी। यह हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे महानेटांड के समीप हुआ। सड़क किनारे खड़ी सवारी गाड़ी को पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बगोदर प्रखंड के अटका गांव से लगभग 20 लोग सवारी गाड़ी पर सवार होकर शव जलाने के लिए बनारस जा रहे थे। दनुआ घाटी के महानेटांड़ कट के समीप वाहन के उपर रखा शव का रस्सी ढीला हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन सड़क पर खड़ा कर यात्री रस्सी को ठीक करने में जुटे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सवारी गाड़ी में बैठे लोग इसकी चपेट में आ गए। जिससे पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी सवारी गाड़ी से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।