जिले के हुसैनाबाद में मालगाड़ी की चपेट में आने से पूर्व विधायक प्रत्याशी अवधैश सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह मोटरसाइकिल से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वह तेज रफ्तार से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:00 बजे सेवानिवृत्त शिक्षक और हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से पूर्व निर्दलीय उम्मीदवार अवधेश सिंह अपनी मोटरसाइकिल से जपला बाजार से घर लौट रहे थे। इसी बीच महुआरी देहरी गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय, उनकी मोटरसाइकिल ट्रैक पर फंस गई और बंद हो गई। जैसे ही वे गाड़ी को निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक मालगाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। ट्रेन उन्हें कुछ दूर तक घसीटती ले गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अवधेश सिंह कांग्रेस पार्टी से भी जुड़े रहे थे और इलाके में एक शिक्षक के रूप में जाने जाते थे।
आरपीएफ पोस्ट जपला के उप निरीक्षक उमाकांत राम ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए मिली। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। इस घटना की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस बीच, पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह और मध्य जिला परिषद क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी मिथिलेश सिंह ने अवधेश सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे एक अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।