पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन अलर्ट

  • Jul 20, 2026
Khabar East:Ganga-water-level-rises-in-Patna-administration-on-alert
पटना,20 जुलाईः

जिले में लगातार हो रही बारिश और मानसून की सक्रियता के बीच गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर अब राजधानी के दीघा तट पर भी दिखाई देने लगा है। 93 नंबर घाट समेत कई स्थानों पर नदी के किनारे कटाव शुरू होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मोकामा के औंटा घाट और मोकामा घाट पर भी तेज कटाव देखा गया है। इन इलाकों में तट सुरक्षा और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है ताकि नदी का कटाव आबादी वाले क्षेत्रों तक न पहुंचे। दीघा तट पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

 विशेषज्ञों का कहना है कि सोन नदी के बढ़ते जलस्तर का असर भी गंगा पर पड़ रहा है। यदि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की ओर से और अधिक पानी आता है, तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

 प्रशासन का कहना है कि अभी घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और जल संसाधन विभाग संयुक्त रूप से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत और बचाव के कदम उठाए जा सकें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: