ओडिशा के गंजाम जिले में त्योहारों के दौरान अवैध जुआ अड्डों के खिलाफ चलाए गए तीन दिवसीय विशेष अभियान में पुलिस ने 440 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 11.64 लाख रुपये से अधिक नकद राशि जब्त की गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 79 जुआ अड्डों पर छापेमारी की। इस दौरान 11,64,936 रुपये नकद, 113 मोबाइल फोन और 25 वाहन जब्त किए गए।
22 अक्टूबर को ही पुलिस ने 21 थाना क्षेत्रों के अंतर्गत 42 जुआ अड्डों पर छापेमारी की और 250 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में 7,09,871 रुपये नकद, 69 मोबाइल फोन और 11 वाहन जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, भंजनगर थाने में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। यहां पांच मामले दर्ज करने के साथ 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, हिन्जिलिकाटु थाने में दो मामले दर्ज किए गए और पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 91,340 रुपये नकद जब्त किए गए।
गंजाम के एसपी हरीश बीसी ने कहा कि त्योहारों के दौरान जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस कड़ी निगरानी रख रही है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अवैध जुआ गतिविधि या अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करें और पुलिस को सूचित करें।