केमिकल से भरा टैंकर पलटने से लगी आग, पांच गाड़ियां जलकर राख

  • Oct 23, 2026
Khabar East:Fire-breaks-out-after-a-chemical-laden-tanker-overturns-five-vehicles-reduced-to-ashes
झाड़ग्राम,23 अक्टूबरः

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में गुरुवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी, जब प्लास्टिक केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। केमिकल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। उसने सड़क किनारे खड़े चार अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की दोनों लेन पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

 जानकारी के अनुसार, प्लास्टिक केमिकल से भरा टैंकर झारखंड की ओर से पश्चिम बंगाल जा रहा था। टैंकर चीचीड़ा चेकपोस्ट पार करने के बाद लोढ़ाशुली की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। टैंकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें आग लग गई। केमिकल से भरे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में सड़क किनारे खड़े चार अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए।  देखते ही देखते पांच वाहन आग की लपटों से घिर गए। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।

इसकी खबर मिलते ही स्थानीय दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद टैंकर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: