75 हजार की घूस लेते बीडीओ गिरफ्तार

  • Sep 01, 2026
Khabar East:Jai-Narayan-Pankaj-Assumes-Charge-As-IG-Of-Southern-Range
बांका,01 सितंबरः

बिहार के बांका के फुल्लीडूमर प्रखंड के बीडीओ अमित प्रताप सिंह मंगलवार को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम के हत्थे चढ़ गए। पटना से पहुंची निगरानी की टीम ने बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के निजी आवास पर कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद बीडीओ और उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को हिरासत में लेकर बांका परिसदन लाया गया, जहां दोनों से पूछताछ की गयी। निगरानी विभाग के अनुसार यह कार्रवाई फुल्लीडूमर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश की शिकायत पर की गई। प्रखंड प्रमुख ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि, पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में बीडीओ द्वारा 75 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले मामले का गुप्त सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की रणनीति तैयार की गई।

 मंगलवार सुबह डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी की विशेष टीम बांका पहुंची और नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के आवास के आसपास निगरानी शुरू कर दी। योजना के अनुसार शिकायतकर्ता प्रखंड प्रमुख तय रकम लेकर बीडीओ के आवास पहुंचे। जैसे ही कथित तौर पर 75 हजार रुपये की रिश्वत दी गई, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए बीडीओ अमित प्रताप सिंह को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी हिरासत में लिया गया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: