पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गुरुवार को बम की धमकी वाला ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल में एयरपोर्ट परिसर में बम रखे जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एयरपोर्ट की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा जांच तेज कर दी गई। सुरक्षाकर्मी अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से तलाशी ले रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वास्तव में किसी तरह का खतरा मौजूद है या नहीं। फिलहाल ईमेल किस व्यक्ति या संगठन की ओर से भेजा गया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इसी तरह धमकी में एयरपोर्ट के किसी खास हिस्से या स्थान का उल्लेख किया गया था या नहीं, इसे लेकर भी अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरे मामले की जांच कर रही हैं। यात्रियों और एयरपोर्ट की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
कोलकाता एयरपोर्ट को इससे पहले भी कई बार बम धमकी से जुड़े संदेश मिल चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ मामलों में सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद धमकियां फर्जी पाई गई थीं। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां ऐसे किसी भी संदेश को हल्के में नहीं लेतीं और हर बार निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच करती हैं।