रायपुर के सड्डू क्षेत्र में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में गुरुवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। जिससे पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया है। आग की लपटें और धुआं काफी तेज हैं और लगातार 3-4 किलोमीटर दूर से देखा जा रहा है। मौके पर दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, लेकिन प्लास्टिक के कारण आग तेजी से फैल रही है। जानकारी के मुताबिक, विधानसभा थाना क्षेत्र के सड्डू स्थित 'कवल मल्टीलेयर' नाम की प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। प्लास्टिक और केमिकल जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया है, जिससे आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और विधानसभा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल फैक्ट्री के भीतर किसी के फंसे होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।