बिहार के नालंदा में पार्किंग को लेकर पड़ोसी के बीच हुए मामूली विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना हरनौत थाना क्षेत्र पोरई गांव की है। मृतक की पहचान जगदीश महतो का 47 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के तौर पर की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौक़े पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई में जुट चुकी है। घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया है। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के संबंध में मृतक के भाई डेविड कुमार ने बताया कि घर जाने वाली गली संकीर्ण है। वहां पहले से दो ई-रिक्शा पार्क किया हुआ था, जिस वजह से बाइक घर तक नहीं जा सकती थी। इसी को हटाने के लिए बोला गया तो पहले तीखी बहस हुई फ़िर विवाद गाली ग्लौज होते हुए ख़ूनी रंजिश में बदल गया और एक पक्ष ने गोली चला दिया। जिससे गोली युवक के सिर में जा लगी और वह अचेत होकर गिर पड़ा जिससे अफरा तफरी मच गई।
आनन फानन में घायल युवक को हरनौत रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से गंभीर हालात में युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ भेजा। यहां मौजूद डॉक्टर ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया। मृतक दूसरे प्रदेश में रहकर गाड़ी चलाकर परिवार का जीविकोपार्जन करता था। दशहरा पर्व की छुट्टी पर परिवार के साथ त्यौहार मनाने तीन दिन पहले ही गांव आया था।