ओरंगुटान बच्चों को जल्द मिल सकता है खुले में घूमने का मौका

  • Sep 15, 2026
Khabar East:Nandankanan-Considers-Open-Air-Access-For-Rescued-Baby-Orangutans
भुवनेश्वर,15 सितंबरः

नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में बचाए गए पांच शिशु ओरंगुटानों को जल्द ही खुले बाड़े में रखने की अनुमति दी जा सकती है। उनके शारीरिक विकास, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव कम करने के उद्देश्य से चिड़ियाघर प्रशासन इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, अंतिम निर्णय लेने से पहले इस प्रस्ताव को नवगठित तकनीकी समिति के समक्ष राय के लिए रखा जाएगा। खुला बाड़ा हैंड रीयरिंग सेंटर (HRC) के पास स्थित है, जहां फिलहाल पांचों शिशु ओरंगुटानों को 24 घंटे निगरानी में वातानुकूलित बंद कमरे में रखा गया है।

चिड़ियाघर के अधिकारियों के अनुसार, समय-समय पर उन्हें बड़े खुले स्थान में रखने से उनकी शारीरिक गतिविधियां बढ़ेंगी और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होगा। साथ ही, उन्हें प्राकृतिक आवास जैसा वातावरण महसूस करने में मदद मिलेगी।

 इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि लगातार बुखार से पीड़ित एक शिशु ओरंगुटान की हालत में सुधार हुआ है और उसके शरीर का तापमान सामान्य हो गया है। अन्य ओरंगुटानों की भी पशु चिकित्सकों और केयरटेकर्स द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।

बचाए गए इन वन्यजीवों के कल्याण और दीर्घकालिक देखभाल की निगरानी के लिए नंदनकानन ने पांच सदस्यीय तकनीकी समिति का गठन किया है। समिति में मैसूरु स्थित चामराजेंद्र जूलॉजिकल गार्डन्स के एक पशु चिकित्सा अधिकारी, वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के एक प्रतिनिधि, ओयूएटी के सेंटर फॉर वाइल्डलाइफ हेल्थ के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, नई दिल्ली के नेशनल जूलॉजिकल पार्क के निदेशक द्वारा नामित एक पशु चिकित्सा अधिकारी और नंदनकानन के निदेशक सदस्य-संयोजक के रूप में शामिल हैं।

 वन अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रूप से इनके दीर्घकालिक पुनर्वास पर फैसला होने तक, इन युवा ओरंगुटानों को उनके प्राकृतिक आवास के अनुकूल बनाने के लिए धीरे-धीरे वैसा ही वातावरण तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: