ओडिशा प्रदेश कांग्रेस की बैठक में संगठन को मजबूत करने पर जोर

  • Jul 03, 2026
Khabar East:OPCC-Holds-Key-Organisational-Meet-In-Bhubaneswar-Plans-Grassroots-Push
भुवनेश्वर,03 जुलाईः

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) ने शुक्रवार को भुवनेश्वर स्थित कांग्रेस भवन में संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में राज्यभर में पार्टी संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता ओडिशा के लिए नव नियुक्त एआईसीसी प्रभारी लालजी देसाई ने की। इसमें ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास, नेता प्रतिपक्ष रामचंद्र कदम, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक, शरत पटनायक और प्रसाद हरिचंदन, कोरापुट सांसद सप्तगिरि शंकर उलाका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संगठन पदाधिकारी, विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठन को सक्रिय बनाने, विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ब्लॉक और जिला स्तर पर कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

 बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में लालजी देसाई ने कहा कि कांग्रेस ओडिशा में अपने संगठनात्मक अभियान को और तेज करेगी तथा जनता से जुड़े मुद्दों को अधिक मजबूती से उठाएगी।

 उन्होंने कहा कि पार्टी बेरोजगारी, पलायन, महिला एवं बाल तस्करी, नीट जैसी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, खनन और बड़े कॉरपोरेट घरानों से जुड़े कथित शोषण, आदिवासियों की समस्याओं और दिहाड़ी मजदूरों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

 देसाई ने बताया कि संगठन को मजबूत करने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए पार्टी जल्द ही जिलावार दौरा शुरू करेगी।

 उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ओडिशा की जनता का विश्वास जीतना है। जनता का भरोसा जीतेंगे तो चुनाव भी जीतेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी मुकाबले से पहले पार्टी का पूरा ध्यान मजबूत संगठन खड़ा करने पर रहेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: