चक्रवात ‘अक्वान’ के प्रभाव को देखते हुए ओडिशा विधानसभा की कार्यवाही 23 नवंबर तक स्थगित कर दी गई है। चक्रवात ने शुक्रवार सुबह गोपालपुर के पास दस्तक दी।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन में इसकी घोषणा की। राज्य में चक्रवात से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए आयोजित सर्वदलीय बैठक के बाद विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करने का निर्णय लिया गया। अब सदन की अगली बैठक सोमवार, 23 नवंबर को होगी।
इससे पहले शुक्रवार को प्रश्नकाल शुरू होते ही विधानसभा की कार्यवाही बाधित हो गई। विपक्षी विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर तख्तियां दिखाते हुए नारेबाजी की। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही सुबह 11:30 बजे तक स्थगित कर दी।
बीजू जनता दल (बीजद) के विधायकों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रही है। वहीं, कांग्रेस विधायकों ने कोटिया मामले पर सदन में चर्चा कराने की मांग उठाई।