सीएम माझी ने नोएडा स्थित हायर के विनिर्माण संयंत्र का किया दौरा

  • Aug 08, 2026
Khabar East:Odisha-CM-visits-Haier-manufacturing-facility-in-Noida
भुवनेश्वर, 08 अगस्तः

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को नोएडा स्थित घरेलू उपकरण निर्माता कंपनी हायर के विनिर्माण संयंत्र का दौरा किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कंपनी के अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों से बातचीत की तथा विनिर्माण प्रक्रियाओं और प्रणालियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक्सपर पोस्ट कर कहा कि यह दौरा औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, उद्योग जगत के साथ सहयोग मजबूत करने और निवेश के नए अवसर पैदा करने के लिए ओडिशा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, यह राज्य के एक मजबूत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाता है।

मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वाईं और उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा भी मौजूद रहे।

 वर्ष 2003 में स्थापित हायर अप्लायंसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, हायर सिंगापुर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड की सहायक कंपनी है। कंपनी ने वर्ष 2007 में भारत में विनिर्माण शुरू किया था और रेफ्रिजरेटर, टेलीविजन तथा एयर कंडीशनर के क्षेत्र में इसकी मजबूत उपस्थिति है। कंपनी ग्रेटर नोएडा और पुणे में दो विनिर्माण इकाइयां संचालित करती है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री राष्ट्रीय राजधानी के दौरे पर हैं, जहां उन्हें निवेश रोडशो में शामिल होना है।

 मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ओडिशा के पहले सेक्टर-विशिष्ट निवेश रोडशो ओडिशा फूड प्रो 2026’ का नेतृत्व किया। इस आयोजन में ओडिशा को 43,437 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनसे 43,000 से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।

 कार्यक्रम के दौरान 27 समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इनमें 41,748 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से 35,252 रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इसके अलावा, राज्य को 1,689 करोड़ रुपये के 12 निवेश आशय पत्र (IIFs) प्राप्त हुए, जिनसे 8,064 अतिरिक्त रोजगार सृजित होने की संभावना है।

 इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रमुख उद्योगपतियों के साथ एक के बाद एक बैठकें कीं। इन बैठकों में खाद्य प्रसंस्करण और इससे जुड़े क्षेत्रों में परियोजना-विशिष्ट निवेश के अवसरों, रणनीतिक साझेदारी और दीर्घकालिक सहयोग पर चर्चा की गई।

 कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनु गर्ग, उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, एसोचैम के प्रतिनिधियों के अलावा देशभर से 300 से अधिक उद्योग जगत के नेता, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े संगठन, उद्यमी, निवेशक और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हुए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: