ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए बालेश्वर जिले के बलियापाल की सब-रजिस्ट्रार मनीषा मिश्रा की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। मनीषा मिश्रा ओडिशा रेवेन्यू सर्विस (ओआरएस) की प्रोबेशन अवधि में थीं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, बालेश्वर विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने 6 नवंबर को मनीषा मिश्रा को उनके कार्यालय कक्ष में 7,000 रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए पकड़ा था। उन्होंने पंचरुखी गांव के शिकायतकर्ता ज्ञानरंजन पात्र से बिक्री विलेख (सेल डीड) के पंजीकरण और उसे जारी करने के एवज में यह रिश्वत मांगी थी।
इस कार्रवाई के बाद बालेश्वर विजिलेंस थाने में पांच नवंबर को मामला संख्या 26 दर्ज किया गया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्हें 7 नवंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से 20 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सरकार ने अपने आदेश में कहा कि मनीषा मिश्रा ने अभी तक ओडिशा रेवेन्यू सर्विस भर्ती नियम, 2011 के तहत अपनी प्रोबेशन अवधि पूरी नहीं की थी। रिश्वतखोरी का उनका कृत्य गंभीर भ्रष्टाचार, घोर कदाचार और व्यक्तिगत अनैतिकता की श्रेणी में आता है। यह ओडिशा सरकारी कर्मचारी आचरण नियम, 1959 के नियम-3 का सीधा उल्लंघन है।
सरकार ने कहा कि उन्हें सेवा में बनाए रखना जनहित के लिए बेहद नुकसानदायक होगा। इसलिए नियुक्ति प्राधिकारी ने ओआरएस भर्ती नियम, 2011 के नियम 17(2) और ओडिशा रेवेन्यू सर्विस ग्रुप-बी (प्रोबेशन एवं विभागीय परीक्षा) नियम, 2016 के तहत तत्काल प्रभाव से उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
यह आदेश राज्यपाल के निर्देश पर सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी किया गया है।