एमएमडीआर बिल को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण ओडिशा विधानसभा की कार्यवाही आज फिर बाधित हुई। लगातार नारेबाजी और विरोध के बीच विधानसभा की कार्यवाही को शाम चार बजे तक स्थगित कर दिया गया।
एक दिन के अवकाश के बाद सोमवार को विधानसभा का मानसून सत्र फिर शुरू हुआ। हालांकि, कार्यवाही शुरू होते ही बीजद और कांग्रेस के विपक्षी सदस्यों ने एमएमडीआर बिल और पाठ्यपुस्तकों में त्रुटियों को लेकर जोरदार विरोध किया।
विपक्षी विधायक स्पीकर के आसन के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदस्यों से बार-बार शांत रहने और सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की, लेकिन विरोध जारी रहा।
हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही पहले सुबह 11:30 बजे तक स्थगित की गई। इसके बाद सदन दोबारा शुरू हुआ, लेकिन विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहा और सदन में फिर से नारेबाजी और हंगामा शुरू हो गया।
लगातार हंगामे और अव्यवस्था के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने अंततः सदन की कार्यवाही शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दी।