भजन-कीर्तन के बीच घुसी बेकाबू कार, पांच श्रद्धालुओं की मौत

  • Aug 26, 2026
Khabar East:Out-of-control-car-ploughs-into-devotional-gathering-five-devotees-killed
सुपौल,26 अगस्तः

बिहार के सुपौल में अनियंत्रित कार ने कई लोगों को कुचल दिया जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों की पहचान कटैया वार्ड 11 निवासी भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव (60 वर्ष), वार्ड 12 निवासी तिलाई दास (65 वर्ष), राजो दास (50 वर्ष), वार्ड 15 निवासी सुरेन्द्र यादव (45 वर्ष) कृष्ण मोहन साह (21 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक कटैया पंचायत के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं घायल रामचंद्र यादव की हालत गंभीर है। सदर पुलिस ने बताया कि यहघटना सुपौल जिले के एनएच-327ई स्थित सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग के किनारे कटैया चौक की है। यहां बजरंगबली मंदिर में कुछ लोग झूलन पर्व के अवसर पर कीर्तन-भजन कर रहे थे। इस दौरान पिपरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित हो गयी और वहां कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया। लोंगों को कुचलने के बाद कार करीब 50 मीटर तक आगे जाने के बाद एक दुकान में घुस गई।

 इधर घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने कार चालक को पकड़कर घर में बंद कर दिया। हालाकि पुलिस के समझाने के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को छोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, कार चालक सुपौल का ही रहने वाला है। पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण दोषी चालक के विरुद्ध कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

  इधर, घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस के साथ सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू, साईबर डीएसपी गौरव गुप्ता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: