रक्षाबंधन पर 1.03 करोड़ महिलाओं को मिली सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त

  • Aug 28, 2026
Khabar East:Over-1-Cr-Women-Receive-Fifth-Instalment-Of-Subhadra-Scheme-On-Rakhi-Purnima
भुवनेश्वर,28 अगस्तः

रक्षाबंधन पूर्णिमा के अवसर पर ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को अपनी महत्वाकांक्षी सुभद्रा योजना के तहत करीब 1.03 करोड़ महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 5,000 रुपये की पांचवीं किस्त जमा की। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नयागढ़ जिले के लाठीपड़ा में आयोजित कार्यक्रम से इस राशि का वितरण शुरू किया। इस दौरान 5,160 करोड़ रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।

अधिकारियों के अनुसार, इस बार की किस्त में योजना के तहत हाल ही में शामिल की गई 2.21 लाख नई लाभार्थी महिलाएं भी शामिल हैं।

राशि हस्तांतरण से पहले राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों और बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर डीबीटी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। बैंकों को अपनी व्यवस्थाएं मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया था कि लाभार्थियों को सहायता राशि प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

 सुभद्रा योजना के तहत राज्य की पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। सरकार यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित करती है।

 वित्तीय सहायता वितरण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रभाति परिडा, ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी, खंडपड़ा विधायक दुस्मंत कुमार स्वाईं, पुरी के सांसद संबित पात्रा और कंधमाल के सांसद सुकांत कुमार पाणिग्रही समेत कई गणमान्य मौजूद थे

Author Image

Khabar East

  • Tags: