सोरो थाना क्षेत्र के बिडू बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (एनएच-16) पर रविवार तड़के एक तीर्थयात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के 50 तीर्थयात्रियों को लेकर बस दीघा से पुरी लौट रही थी। इसी दौरान हादसा हो गया। आशंका जताई जा रही है कि तड़के चालक को झपकी आने के कारण उसने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालकर घायलों को इलाज के लिए सोरो अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घायलों में कुछ की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।