अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची पुलिस, सांसद ने मांगा 48 घंटे का समय

  • Oct 12, 2026
Khabar East:Police-arrive-at-Abhishek-Banerjees-residence-MP-seeks-48-hours-time
कोलकाता,12 अक्टूबरः

बिलबोर्ड मामले में तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के घर पर एक बार फिर से पुलिस पहुंची है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक बनर्जी को आज थाना में तलब किया गया था। उन्हें सुबह 10 बजे थाना पहुंचना था लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब वह वहां नहीं पहुंचे तो उनके कालीघाट स्थित आवास पर शेक्सपियर सरणी थाना की पुलिस पहुंची। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने ईमेल भेजकर कुछ और समय की मांग की है। उन्होंने कहा है कि उन्हें तलब करने के लिए 48 घंटे पहले अग्रिम सूचना दी जानी चाहिए। आज दोपहर में करीब 12 बजे पुलिस की एक टीम अभिषेक बनर्जी के घर पहुंची है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वे टीएमसी सांसद को दोबारा नोटिस देने गए हैं।

 गौरतलब है कि 27 अगस्त को कैमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के ऑफिस के पास अवैध बिलबोर्ड हटाने गए नगर निगम कर्मियों को बाधा का सामना करना पड़ा था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई थी। यहां तक कि महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया था। उस घटना को लेकर शेक्सपियर सरणी थाने में तीन मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिस मामले की वे जांच कर रहे हैं, उसमें आरोपी के तौर पर अभिषेक बनर्जी का नाम दर्ज है। इसलिए पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है।

 पुलिस के तलब पर अभिषेक बनर्जी थाना नहीं गए, बल्कि उन्होंने जांचकर्ताओं को ईमेल भेजकर 48 घंटे का और समय मांग लिया है। इसके तुरंत बाद शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस एक बार फिर कालीघाट स्थित उनके घर पहुंच गई।

Author Image

Khabar East

  • Tags: