राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 और 28 अक्टूबर को ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर आएंगी। मयूरभंज के सांसद नव चरण माझी ने यह जानकारी दी है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिले में तैयारियां शुरू होने की उम्मीद है। सांसद के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू 27 अक्टूबर को मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित होने वाले मेगा नेत्र जांच शिविर में शामिल होंगी। इस दौरान वह शिविर में पहुंचने वाले लोगों से भी मुलाकात कर सकती हैं। अपने ओडिशा दौरे के बाद राष्ट्रपति 28 अक्टूबर को नई दिल्ली लौटेंगी।
रायरंगपुर में आयोजित होने वाला यह मेगा नेत्र शिविर 26 से 30 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर में दिल्ली से करीब 100 अनुभवी नेत्र रोग विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञों की टीम लोगों की आंखों की जांच करेगी और जरूरत के अनुसार उन्हें उपचार संबंधी सलाह भी दी जाएगी।
शिविर के दौरान लोगों को निःशुल्क नेत्र जांच और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बड़ी संख्या में लोगों को इस शिविर का लाभ पहुंचाने की योजना है।