कोलकाता के साल्टलेक में टीएमसी दफ्तर पर रेड

  • May 17, 2026
Khabar East:Raid-on-TMC-office-in-Salt-Lake-Kolkata
कोलकाता,17 मईः

पश्चिम बंगाल में तृणमूल पार्टी कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। साल्ट लेक इलाके में बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 36 के अंतर्गत, बसंती देवी कॉलोनी में टीएमसी का यह कार्यालय मौजूद है। स्थानीय निवासी बरामद सामान को सुरक्षित रखने के लिए मौके पर पहुंचे और इस मामले की सूचना बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने को दे दी गई। बाद में पुलिस ने आकर आधार कार्ड जब्त किया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक टीएमसी दफ्तर में मिले आधार कार्ड इलाके के लोगों के ही हैं। लोगों का कहना है कि आधार कार्ड बनवाते वक्त टीएमसी पार्टी ऑफिस के पते पर आधार कार्ड आते थे। ऐसे में कई बार आधार कार्ड मांगने पर पार्टी के लोग कह देते थे कि अभी तक आधार कार्ड नहीं आया है। स्थानीय लोगों ने 4 मई के दिन इस पार्टी ऑफिस में ताला लगा दिया था और जब पार्टी ऑफिस का ताला खोला गया तो आधार कार्ड बरामद हुए। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और फर्जी आधार कार्ड का मुद्दा बहस के केंद्र में रहा है। अब टीएमसी के दफ्तर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद किए जाने के बाद एक नई सियासी बहस छिड़ गई है। सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की टीएमसी दफ्तर से बरामदगी से भी सूबे की मुख्य विपक्षी पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बीजेपी कार्यकर्ता के साथ मारपीट और बदसलूकी के आरोप में एक टीएमसी पार्षद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हुगली के बैद्यबाटी से टीएमसी पार्षद राजू पारुई को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 26 अप्रैल को बीजेपी के कार्यकर्ता बैद्यबाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि शाम करीब साढ़े पांच बजे वहां पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के पार्षद राजू पारुई ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस घटना को लेकर बीजेपी कार्यकर्ता स्नेहांशु महंत ने श्रीरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तृणमूल पार्षद राजू पारुई को गिरफ्तार किया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: