खेल मंत्री ने राष्ट्रीय एकता व अखंडता बनाए रखने का किया आह्वान

  • Oct 31, 2026
Khabar East:Rashtriya-Ekta-Diwas-Sports-Minister-Calls-For-Upholding-National-Unity--Integrity
भुवनेश्वर,31 अक्टूबरः

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर खेल एवं युवा सेवा विभाग की ओर से आज कलिंग स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

 इस अवसर पर मंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

 सभा को संबोधित करते हुए सूरज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस और एकता मार्च का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी से सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और राष्ट्र के विकास के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया।

 उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करते हुए 'विकसित ओडिशा 2036' और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को हासिल करने में अपना योगदान देने की अपील की।

 इस अवसर पर मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इसके साथ ही एकता मार्च का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ी, स्वयंसेवक, विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

 कार्यक्रम में खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पुनिया, पूर्व विधायक एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रियदर्शी मिश्र, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनेता गोलक महापात्र, जगन्नाथ प्रधान, सुदीप्त राय तथा खेल एवं युवा सेवा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: