झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दो नवंबर से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा शुरू करने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के पहले चरण में राज्य के छह जिलों में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत दो नवंबर को राजधानी रांची से होगी। इसके बाद तीन नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, चार नवंबर को पलामू तथा पांच नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि दीपावली से पहले पहले चरण में छह जिलों में पदयात्रा आयोजित की जाएगी। छठ महापर्व के बाद राज्य के शेष जिलों में भी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक जिले में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
पदयात्रा के उद्देश्य पर जानकारी देते हुए मनोज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस की हताशा और निराशा करार देते हुए कहा कि भाजपा कांग्रेस की कथित दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी।