भाजपा उम्मीदवार देवाशीष सामंतराय ओडिशा से निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित हो गए हैं। गुरुवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की गई। उपचुनाव में वह एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
देवाशीष सामंतराय पहली बार अप्रैल 2024 में बीजेडी के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे थे और उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। हालांकि, उन्होंने 25 मई 2026 को पार्टी और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था तथा अगले ही दिन भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद भाजपा ने उन्हें रिक्त सीट से उम्मीदवार बनाया था।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सामंतराय को राज्यसभा सदस्य चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर उन्होंने लिखा,"हमारी पार्टी के उम्मीदवार देवाशीष सामंतराय को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सामंतराय अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ राज्य और जनता की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी कामना की कि ओडिशा के विकास की दिशा में उनकी नई जिम्मेदारी सफल हो और महाप्रभु श्रीजगन्नाथ उन्हें शक्ति एवं सफलता प्रदान करें।