ओडिशा में करीब सात लाख लाभार्थियों को दो आवास योजनाओं के तहत पक्के मकान दिए जाएंगे। इसके लिए 14 नवंबर को बलांगीर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पंचायत राज मंत्री रवि नारायण नायक ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ओडिशा आएंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
मंत्री के अनुसार, कुल सात लाख मकानों में से तीन लाख मकान राज्य सरकार की ‘अंत्योदय गृह योजना’ के तहत स्वीकृत किए जाएंगे, जबकि शेष चार लाख मकान प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत दिए जाएंगे।
इस पहल से स्थायी आवास का इंतजार कर रहे बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के राज्य सरकार के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
पश्चिमी ओडिशा के बलांगीर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राज्य सरकार की एक बड़ी आवासीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।