पश्चिम बंगाल सरकार ने पूर्व और वरिष्ठ खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री कृति क्रीड़ाविद सम्मान योजना’ के तहत पात्र खिलाड़ियों को हर महीने 10 हजार रुपये का सम्मान भत्ता देने की औपचारिक घोषणा करते हुए अधिसूचना जारी की है। राज्य सरकार ने इस योजना की घोषणा अपने बजट में पहले ही की थी। अधिसूचना के अनुसार, योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र आवेदन के समय कम से कम 40 वर्ष होनी चाहिए और वह पश्चिम बंगाल का नागरिक होना चाहिए। इसके अलावा, खिलाड़ी ने राष्ट्रीय खेल या इसी स्तर की किसी प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल किया हो। योजना के तहत ऐसे खिलाड़ी भी पात्र होंगे, जिन्होंने ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल या पैरा स्पोर्ट्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
केंद्र या राज्य सरकार, बैंक अथवा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम में कार्यरत सक्रिय कर्मचारियों को इस सम्मान भत्ते का लाभ नहीं मिलेगा। यानी सरकारी नौकरी या संबंधित संस्थानों में सक्रिय सेवा में रहने वाले खिलाड़ी इस योजना के दायरे से बाहर होंगे। आवेदनकर्ता को अपने निवास वाले जिले के जिलाधिकारी के समक्ष आवेदन करना होगा। कोलकाता के आवेदकों को संयुक्त सचिव के पास आवेदन जमा करना होगा। पात्र लाभार्थियों को हर वर्ष 30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा।
सभी निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले पात्र खिलाड़ियों को राज्य के खेल विभाग के माध्यम से हर महीने 10 हजार रुपये का सम्मान भत्ता दिया जाएगा।