बिहार पुलिस ने भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए और मामले में संलिप्त छह कुख्यात तस्करों को पकड़ा है। मामले में जगदीशपुर के डीएसपी राहुल कुमार ने शाहपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक भोजपुर द्वारा नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और इनके संधारण में शामिल अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में, जगदीशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि शाहपुर नगर क्षेत्र में मादक पदार्थों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है। इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। छापेमारी दल में शाहपुर के सीओ और दंडाधिकारी आनंद प्रकाश भी शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद करने में सफलता मिली है। जब्त की गई सामग्रियों में प्रथम दृष्टया हीरोइन जैसा दिखने वाला करीब 315 ग्राम मादक पदार्थ और 164 ग्राम (कट) ऐसा पदार्थ जो हीरोइन से ही मिलता-जुलता है, शामिल है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने 3 किलो 700 ग्राम गांजा, 19,200 रुपये की नकद राशि, चार आधुनिक स्मार्टफोन और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद किए गए नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। डीएसपी राहुल कुमार ने बताया कि पकड़े गए 6 आरोपियों की पहचान संतोष कुमार, दरोगा यादव, भीम कुमार, रोहित कुमार, उमेश यादव और राकेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ और साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ है कि इस गिरोह में वे लोग भी शामिल हैं जो इस पूरे धंधे के मास्टरमाइंड थे। पुलिस ने मौके से दो वेइंग मशीन (तौलने वाली मशीन) और एक मिक्सर भी बरामद किया है, जिससे यह साबित होता है कि अपराधी मादक पदार्थों की प्रोसेसिंग और पैकिंग का काम बड़े स्तर पर कर रहे थे। पुलिस इन सभी अपराधियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। डीएसपी ने आगे कहा कि पूरे मामले की वैज्ञानिक जांच हेतु फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है और नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नागरिक से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि भोजपुर की धरती पर मादक पदार्थों के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं है और ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे जनता की सहायता के लिए उपलब्ध है। मादक पदार्थ के खिलाफ सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।