राजधानी रांची में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश और शुक्रवार से चल रही आंधी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। शुक्रवार की सुबह डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां एक स्कूल बस पर अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से बस का अगला हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, बस चालक की सूझबूझ के कारण बस में सवार बच्चों को किसी तरह की चोट नहीं आई।डोरंडा के एजी मोड़ के पास तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने बताया कि बारिश और तेज हवा के बीच बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक बड़ा पेड़ अचानक बस के ऊपर गिर गया। पेड़ गिरता देख चालक ने तत्काल ब्रेक लगाकर बस रोक दी। घटना की सूचना डोरंडा थाना पुलिस के साथ रांची नगर निगम की टीम को दी गई।
सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने पेड़ को काटकर सड़क से हटाया और रास्ता साफ कराया। इसके बाद स्कूल बस को वहां से आगे रवाना किया गया और यातायात सामान्य हुआ। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। राहत की बात यह रही कि हादसे में बस चालक और किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।
बारिश और आंधी की वजह से जनजीवन व्यापक प्रभाव पड़ा है। खासकर, स्कूली बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं। इसकी वजह से सभी बच्चों को स्कूल पहुंचना अनिवार्य है। तेज बारिश की वजह से कई स्कूलों के बच्चे के जूते और ड्रेस गंदे हो गए। स्कूल प्रशासन के द्वारा स्कूल बस के ड्राइवरों को सावधानी के साथ स्कूल बस चलाने का निर्देश भी जारी किया गया है।