राजधानी रांची में कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत रविवार को स्टूडेंट्स मैराथन का आयोजन किया गया। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों के खिलाफ छात्रों और युवाओं की आवाज को बुलंद करना तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जनजागरण करना था। मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, कन्हैया कुमार, झारखंड सरकार में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी, और सुबोध कांत सहाय समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाएं और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग से जुड़े संदेश भी दिए।