घने कोहरे के चलते भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आज तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 15 उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं। प्रभावित उड़ानें दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता के लिए निर्धारित थीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोहरे के कारण उड़ानों में चार घंटे तक की देरी हुई है। देरी के चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, हालांकि एयरलाइंस यात्रियों को उड़ानों की स्थिति की जानकारी दे रही हैं।
गौरतलब है कि कल भी घने कोहरे के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई थीं और आज भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना है। सुबह 6:30 बजे भुवनेश्वर में दृश्यता मात्र 50 मीटर तक सिमट गई थी, जिसके कारण उड़ानों का उड़ान भरना संभव नहीं हो सका। सामान्य रूप से सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए कम से कम 550 मीटर की दृश्यता आवश्यक होती है।