नए साल 2026 के दूसरे दिन बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेने के लिए सीएम साय दंतेवाड़ा पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर शासन प्रशासन और मां दंतेश्वरी मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दंतेवाड़ा हेलीपैड पर उतरेगा। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारी सीएम साय का स्वागत करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वहीं प्रोटोकॉल के अनुसार सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हेलीपैड से सीधे मुख्यमंत्री बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे विधि विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। मां दंतेश्वरी के दर्शन कर मुख्यमंत्री बस्तर अंचल की सुख-समृद्धि, शांति और विकास की कामना करेंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। मां दंतेश्वरी देवी के मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री वस्तर पांडू में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता से संवाद का कार्यक्रम है। बैठक व्यवस्था के साथ ही यातायात प्रबंधन को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले को नई सौगातें मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि नए साल की शुरुआत में मुख्यमंत्री दंतेवाड़ा के विकास से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। खासतौर पर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को लेकर अपेक्षाएं बढ़ गई हैं।
साल 2026 में बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने का अभियान तेज गति से चल रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों की भी समीक्षा करेंगे। वे जिले में तैनात पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाएंगे और जमीनी हालात की जानकारी लेंगे। माना जा रहा है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे अभियानों और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा होगी।