ओडिशा में 77 माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण, बाकी कैडरों से हथियार डालने की अपील

  • Mar 29, 2026
Khabar East:77-Maoists-Surrender-In-Odisha-DGP-Urges-Remaining-Cadres-To-Lay-Down-Arms
भुवनेश्वर,29 मार्चः

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (DGP) योगेश बहादुर खुरानिया ने रविवार को बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान सुरक्षा बलों के समन्वित अभियानों के परिणामस्वरूप राज्य में 77 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि 27 उग्रवादियों को विभिन्न अभियानों में मार गिराया गया है। उन्होंने शेष माओवादी कैडरों से कार्रवाई से बचने के लिए हथियार डालने की अपील भी की। फुलबानी में माओवादी विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा कर्मियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पहुंचे डीजीपी खुरानिया ने कहा कि लगभग एक वर्ष पहले सुरक्षा बलों को 31 मार्च 2026 तक देश से माओवादी प्रभाव समाप्त करने का लक्ष्य दिया गया था।

 उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 और 2026 में अब तक माओवादी गतिविधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मिली है। यह उपलब्धि सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा ओडिशा पुलिस की विभिन्न इकाइयोंस्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), स्पेशल इंटेलिजेंस विंग (SIW) और डिस्ट्रिक्ट वॉलंटरी फोर्स (DVF)—के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई है।

 डीजीपी ने कहा कि ओडिशा पुलिस के समक्ष कुल 77 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जबकि ओडिशा से जुड़े 23 सक्रिय माओवादी कैडरों ने छत्तीसगढ़ में हथियार डाले हैं। इस अवधि में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में 27 माओवादियों को मार गिराया है। इनमें 25 जनवरी 2025 को नुआपाड़ा-गरियाबंद सीमा के पास ओडिशा पुलिस, छत्तीसगढ़ पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान में मारे गए 17 माओवादी भी शामिल हैं, जिनमें CPI (माओवादी) का एक केंद्रीय समिति सदस्य भी था।

 उन्होंने मीडिया को बताया कि ताजा आकलन के अनुसार राज्य में सक्रिय माओवादियों की संख्या अब एकल अंक (सिंगल डिजिट) में रह गई है। हालांकि कंधमाल-रायगड़ा-कलाहांडी क्षेत्र के जंगलों में अब भी कुछ कैडर सक्रिय हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए सुरक्षा बल लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं।

ओडिशा डीजीपी ने एक बार फिर शेष माओवादियों से राज्य सरकार की नई पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाते हुए मुख्यधारा में लौटने की अपील की।

Author Image

Khabar East

  • Tags: