विजिलेंस की छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

  • Jun 30, 2026
Khabar East:Assets-worth-crores-unearthed-during-Vigilance-raid
भुवनेश्वर,30 जूनः

ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में बुर्ला स्थित वीमसार (VIMSAR) के स्थापना अधिकारी-सह-कार्यालय अधीक्षक धनुर्धर बिस्वाल से जुड़े ठिकानों पर चल रही छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा किया है।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में दो भवनों का पता चला है। इनमें संबलपुर के धनकौड़ा क्षेत्र में लगभग 1,650 वर्गफुट में बना दो मंजिला आवासीय मकान तथा गुडेसिंगा में एक अन्य भवन शामिल है। इसके अलावा संबलपुर शहर के बाहरी इलाकों में बिस्वाल और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर 20 मूल्यवान भूखंड भी मिले हैं।

 विजिलेंस की तकनीकी टीम इन भवनों और भूखंडों का माप लेकर उनकी बाजार कीमत का आकलन कर रही है।

 छापेमारी के दौरान अब तक 19.72 लाख रुपये नकद, एक हाइवा ट्रक, एक चारपहिया वाहन (रेनो काइगर), दो ट्रैक्टर और तीन दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए हैं।

 इसके अलावा, बरामद सोने के आभूषणों का वजन किया जा रहा है, जबकि बैंक जमा, डाकघर बचत और अन्य वित्तीय निवेशों का सत्यापन जारी है।

 गौरतलब है कि आज संबलपुर में यह विजिलेंस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले वीमसार के एक अन्य कर्मचारी अश्विनी मेहर के ठिकानों पर भी आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की गई थी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: