सत्तारूढ़ बीजद के खिलाफ भाजपा की 'चार्जशीट'

  • Apr 24, 2024
Khabar East:BJP-brings-chargesheet-against-ruling-BJD-Odisha-providing-power-to-Tamil-Nadu-at-lower-rates-charging-own-consumers-more
भुवनेश्वर,24 अप्रैलः

चुनावी घमासान के बीच ओडिशा में आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। कोई भी राजनीतिक दल अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जवाबी हमला करने मे कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी बुधवार को ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजेडी) के खिलाफ 'चार्जशीट' लेकर आई है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि ओडिशा की सत्ता में 25 साल पूरे कर चुके बीजद ने राज्य के लोगों को केवल गुमराह और परेशान किया है। भाजपा ने भ्रष्टाचार, श्रमिक प्रवासन, लोगों के कल्याण के लिए उपायों की कमी और राज्य में रोजगार के अवसरों की कमी सहित कई मुद्दे उठाए है।

भुवनेश्वर में आज आयोजित एक विशेष समारोह में ओडिशा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के दौरान ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

केत्ते दिन आउ सहिबा, परिवर्तन आनिबा (हम कब तक बर्दाश्त करेंगे, अब बदलाव लाने का समय है)। इस टैगलाइन के साथ भाजपा ने लोगों से जुड़ने प्रयास किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव हो रहे हैं। भाजपा सत्ता में आने और सुशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन यहां ओडिशा में बीजद शासन के 25 वर्षों में बहुत सारी अनियमितताएं हुई हैं। जहां तक किसानों के उत्थान, बुनियादी ढांचे और अन्य पहलुओं का सवाल है, हमने बीजद के गिरते ग्राफ को देखा है। ओडिशा सरकार ने 314 ब्लॉकों में सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने और कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने का वादा किया था, लेकिन वह लक्ष्य हासिल करने में विफल रही है।

 यादव ने कहा कि बीजद ने दावा किया था कि कालिया योजना किसानों के जीवन में व्यापक बदलाव लाएगी, लेकिन सरकार ने बाद में स्वीकार किया कि योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या में गिरावट आई है।

 यह सब दर्शाता है कि बीजद किसान विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। सरकार पिछले 25 वर्षों में सिंचाई, किसानों की आय बढ़ाने और कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने में विफल रही है। इसी तरह, एनसीआरबी डेटा से पता चलता है कि ओडिशा एक ऐसी जगह है जहां महिलाओं के खिलाफ अपराध में वृद्धि हुई है। यहां बीजद सरकार पिछले 25 वर्षों में महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है। यहां महिलाओं की आत्महत्या के साथ-साथ लापता बच्चों की संख्या में वृद्धि भी चिंता का विषय है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि ओडिशा में युवाओं के लिए बेरोजगारी की स्थिति है। ओडिशा से मजदूर देश के दूसरे हिस्सों में पलायन कर रहे हैं। पिछले एक साल में 40 हजार से अधिक मजदूर ओडिशा से बाहर जा चुके हैं

 केंद्रीय मंत्री ने ओडिशा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ओडिशा तमिलनाडु को राज्य में उपभोक्ताओं से ली जाने वाली कीमत से बहुत कम दरों पर बिजली प्रदान कर रहा है।

 

तमिलनाडु जेनरेशन डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन ओडिशा से 2.53 पैसे प्रति यूनिट पर बिजली खरीद रहा है, जबकि राज्य के उपभोक्ताओं से 2.83 पैसे प्रति यूनिट चार्ज किया जा रहा है। इस सरकार की राज्य की जनता करारा जवाब देगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: