पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 152 सीटों पर पहले फेज में 92 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। बंगाल में एक तरफ जहां ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के लिए चौथी बार सत्ता बचाने की जंग लड़ रही हैं, तो वहीं, भारतीय जनता पार्टी राज्य में राज स्थापित करने की कोशिश में जुटी है। बता दें कि बंगाल की बाकी बचीं 142 सीटों पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर टीएमसी की ममता सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनना बहुत जरूरी है। उनकी पहली प्राथमिकता होगी बंगाल की महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें डर से मुक्ति दिलाना। शाह ने कहा कि जहां महिला मुख्यमंत्री खुद महिलाओं से पूछती हैं कि 7 बजे के बाद घर से बाहर निकलने की क्या जरूरत है, मुझे लगता है कि उन्हें शासन करने का कोई अधिकार नहीं है। आज मैं बंगाल की माताओं और बहनों को आश्वासन देना चाहता हूं कि 5 तारीख को बीजेपी की सरकार बनते ही, रात 1 बजे भी एक छोटी सी लड़की स्कूटर लेकर निकल सकेगी। कोई गुंडा उसकी तरफ देखने की हिम्मत भी नहीं कर पाएगा।
शाह के मुताबिक, लोगों ने बिना डर के रिकॉर्ड मतदान किया है और यह बदलाव के पक्ष में जनादेश है। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब “भय से भरोसे” की यात्रा जारी है और परिवर्तन तय है।
पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हम पहले चरण में 152 में से 110 सीटें जीतने जा रहे हैं। दूसरे चरण में और उत्साह से वोटिंग होगी। शाह ने कहा कि हमारी टीम ने वोटिंग का आकलन किया है, बंगाल में प्रचंड बहुमत आ रहा है। हमारी सरकार में भाई-भतीजा टैक्स नहीं होगा।