राज्य में जारी भीषण गर्मी (हीटवेव) को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ओडिशा के सभी स्कूलों में समय से पहले गर्मी की छुट्टी की घोषणा कर दी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह निर्णय स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद लिया गया है। राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ने के कारण छात्रों के अत्यधिक गर्मी के संपर्क में आने को लेकर चिंता बढ़ रही थी।
घोषणा के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त (सरकारी अनुदानित) और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े कार्य और अन्य आधिकारिक कार्य सामान्य रूप से जारी रहेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि यह अग्रिम ग्रीष्मकालीन अवकाश बच्चों को हीटवेव के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए एक एहतियाती कदम है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम की स्थिति के अनुसार स्कूलों को दोबारा खोलने का निर्णय आगे लिया जाएगा।
तापमान में लगातार बढ़ोतरी
यह उल्लेखनीय है कि मोसम विभाग ने शुक्रवार को अगले 24 घंटों के लिए ओडिशा के छह जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। तापमान 26 अप्रैल तक लगातार बढ़ने की संभावना है।
जिन जिलों में तत्काल हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है, उनमें बलांगीर, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अंगुल, केंदुझर और खोर्धा शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्य के कुल 13 जिलों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। इनमें उत्तरी ओडिशा के केंदुझर, मयूरभंज, बालेश्वर और भद्रक, मध्य तटीय क्षेत्र के जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक और जगतसिंहपुर तथा दक्षिणी ओडिशा के पुरी, खोर्धा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिले शामिल हैं।