ओडिशा में सभी 21 लोकसभा सीटें जीतेगी भाजपा : धर्मेंद्र प्रधान

  • May 09, 2024
Khabar East:BJP-will-win-all-21-Lok-Sabha-seats-in-Odisha-Union-Minister-Dharmendra-Pradhan
संबलपुर, 09 मई:

केंद्रीय मंत्री और संबलपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी चुनावों में ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीटें जीतेगी। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ओडिशा में पीएम नरेंद्र मोदी की विश्वसनीयता और भरोसा 100 फीसदी है। बीजेपी राज्य की सभी 21 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया है कि अपार संभावनाओं वाला राज्य ओडिशा क्यों पिछड़ रहा है। लोग रोज़गार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन कर रहे हैं? गांवों में पीने का पानी क्यों नहीं है? सिंचाई की सुविधा क्यों नहीं है? सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर क्यों नहीं हैं?

 उन्होंने कहा कि यह निकम्मी सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए पीएम मोदी को गाली दे रही है। लेकिन ओडिशा की जनता इसका जवाब जरूर देगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने पिछले 10 वर्षों में रेलवे, सड़क, खनिज जैसे विभिन्न क्षेत्रों में 18 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। 2014 में ओडिशा की खनिजों से कमाई केवल 5000 करोड़ रुपये थी लेकिन आज यह बढ़कर 50 हजार करोड़ हो गई है। शुद्ध पेयजल के लिए पीएम मोदी ने 10 हजार करोड़ रुपए दिए लेकिन यह सरकार सिर्फ 800 करोड़ ही खर्च कर पाई। पीएम मोदी की वजह से ही आज ओडिशा में 3 करोड़ 25 लाख लोगों को हर महीने 5 किलोग्राम मुफ्त अनाज मिल रहा है। इस चुनाव में लोग बीजेडी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।

बतादें कि राज्य में 13 मई से 1 जून तक चार चरणों में विधानसभा और लोकसभा चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: