एक तरफ अपनी मांगों को लेकर बिहार में राजस्व कर्मचारी और अंचलाधिकारी हड़ताल पर हैं। इससे कामकाज पर असर पड़ रहा है। डिप्टी सीएम सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी, लेकिन हड़ताल खत्म नहीं हुई है। इसी बीच बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में एक प्रशासनिक निर्णय लेते हुए विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार (10 मार्च) को बिहार राजस्व सेवा के पांच अधिकारियों के त्यागपत्र को स्वीकार कर लिया है। इससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
यह निर्णय संबंधित जिलाधिकारी की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिन अधिकारियों के त्यागपत्र स्वीकार किए गए हैं, उनमें 3 महिला और 2 पुरुष अधिकारी शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इन अधिकारियों के त्यागपत्र को उनके आवेदन की तिथि से प्रभावी मानते हुए मंजूरी दी है।
इस्तीफा देने वालों में अंशु कुमार, जो वैशाली जिले के गोरौल अंचल के तत्कालीन अंचलाधिकारी थे, उनका त्यागपत्र 19 दिसंबर 2025 से प्रभावी माना गया है। राजन कुमार, जो रोहतास जिले के बिक्रमगंज में राजस्व अधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उनका त्यागपत्र 26 जून 2025 से प्रभावी माना गया है।