ओडिशा को नशामुक्त बनाने 100 सप्ताह चलेगा अभियानः सीएम माझी

  • Aug 02, 2026
Khabar East:CM-Majhi-Odisha-Resolved-To-Become-Completely-Drug-Free-Campaign-Will-Run-For-100-Weeks
भुवनेश्वर,02 अगस्तः

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की है कि ओडिशा सरकार ने राज्य को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। 'नशा मुक्त युवाविकसित भारत संकल्प अभियान' अगले 100 सप्ताह तक सामाजिक जनआंदोलन के रूप में चलाया जाएगा। कलिंग स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। राज्यपाल डॉ. हरिबाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री माझी, खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज और बड़ी संख्या में छात्र कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यपाल ने सभी को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि परिवारों की आर्थिक स्थिति और राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

 सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच ओडिशा पुलिस ने 63,720 एकड़ अवैध गांजा खेती (करीब 1,911 करोड़ रुपये मूल्य) नष्ट की। इस अवधि में 2,576 मामले दर्ज, 3,699 आरोपी गिरफ्तार किए गए तथा 432 टन गांजा (करीब 2,106 करोड़ रुपये मूल्य) जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों को भी मजबूत किया जा रहा है तथा लोगों से ड्रग्स से जुड़ी सूचना पुलिस को देने की अपील की।

 मुख्यमंत्री ने युवाओं में ब्राउन शुगर, कोकीन और सिंथेटिक ड्रग्स के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार युद्धस्तर पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने ड्रग तस्करों को चेतावनी दी कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, आवश्यकता पड़ने पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने युवाओं से "नशे को ना, जीवन और प्रगति को हां" का संदेश अपनाने की अपील की।

 मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि इस अभियान में स्कूल-कॉलेजों के छात्र, MY Bharat, एनएसएस और खेल छात्रावासों के विद्यार्थी प्रमुख भूमिका निभाएंगे। देशभर में 10,000 से अधिक स्थानों पर 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं ने नशामुक्त भारत का संकल्प लिया, जबकि ओडिशा में 453 केंद्रों पर लाइव प्रसारण के जरिए 1.6 लाख से अधिक लोगों ने अभियान में भागीदारी की।

Author Image

Khabar East

  • Tags: